प्रेरणा सेवा ट्रस्ट ने मनाया 32वां स्थापना दिवस, अस्पताल में जरूरतमंद मरीजों की सेवा के लिए समर्पित

गांधी चिकित्सा महाविद्यालय से संबद्ध हमीदिया अस्पताल परिसर स्थित प्रेरणा सेवा ट्रस्ट ने आज अपना 32वां स्थापना दिवस गरिमापूर्ण ढंग से मनाया। ट्रस्ट की स्थापना 7 जून 1994 को स्वर्गीय सरदार श्री दयाल सिंह सलूजा जी की जन्म जयंती पर की गई थी। पिछले 32 वर्षों से ट्रस्ट अस्पताल में भर्ती मरीजों एवं उनके परिजनों की निःस्वार्थ सेवा कर रहा है। ट्रस्ट द्वारा चाय-नाश्ता, दोनों समय का भोजन, दूध-दलिया, वस्त्र, दवाइयां, व्हीलचेयर, वॉकर, चिकित्सा जांच सहायता, रैन बसेरा, एंबुलेंस सेवा तथा मरीजों के परिवहन हेतु ई-रिक्शा जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। इसके अतिरिक्त परिसर में दो प्याऊ भी संचालित किए जा रहे हैं। रैन बसेरा में ठहरने वाले मरीजों के परिजनों को निःशुल्क नाश्ता एवं दोनों समय का भोजन भी उपलब्ध कराया जाता है। स्थापना दिवस समारोह के मुख्य अतिथि डॉ. राकेश मालवीया, प्रोफेसर, गांधी मेडिकल कॉलेज एवं अध्यक्ष, मध्य प्रदेश मेडिकल टीचर्स एसोसिएशन तथा डॉ. जीवन सिंह मीणा रहे। अतिथियों का स्वागत पौधा भेंट कर किया गया। अपने संबोधन में डॉ. मालवीया ने कहा कि प्रेरणा सेवा ट्रस्ट वर्षों से जरूरतमंद मरीजों एवं उनके परिजनों को संवेदनशील सहयोग प्रदान कर रहा है। शासकीय व्यवस्थाओं के अतिरिक्त जहां भी सहायता की आवश्यकता होती है, वहां ट्रस्ट महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। उन्होंने कहा कि मेडिकल कॉलेज में अध्ययनरत रहने के समय से ही वे ट्रस्ट की सेवाओं को देखते आ रहे हैं और आज भी संस्था उसी समर्पण भाव से कार्य कर रही है। इस अवसर पर समन्वय ग्रुप, भोपाल एवं दीनी वेलफेयर सोसायटी, औरंगाबाद (महाराष्ट्र) को स्मृति चिन्ह प्रदान कर सम्मानित किया गया। साथ ही ट्रस्ट के कोषाध्यक्ष श्री विजय कुमार जैन, श्री कन्हैयालाल गोदानी, श्रीमती ललिता खाव्या, श्री ताराचंद जैन एवं श्री जगजीत सिंह (पिंटे जी) को उनकी विशिष्ट एवं उल्लेखनीय सेवाओं के लिए ट्रॉफी एवं सम्मान-चिन्ह प्रदान कर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम का संचालन ट्रस्टी श्री शिव मोहन माथुर ने किया। श्री माथुर ने बताया कि ट्रस्ट का उद्देश्य अस्पताल में आने वाले जरूरतमंद मरीजों एवं उनके परिजनों को सेवा, सहयोग और मानवीय संवेदनाएं उपलब्ध कराना है। कार्यक्रम के अंत में ट्रस्ट की सचिव श्रीमती कमलदीप सलूजा ने आभार व्यक्त किया। समारोह में बड़ी संख्या में दानदाता, समाजसेवी, गणमान्य नागरिक एवं ट्रस्ट सदस्य उपस्थित रहे।

Leave a Reply